Greater Noida वेस्ट में चला स्वच्छता का डंडा, सोसाइटी पर गिरा 10 हजार का हथौड़ा, "डस्टबिन रखो वरना जुर्माना भरो"

top-news
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-10 स्थित कोको काउंटी सोसाइटी पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग ने ₹10,500 का जुर्माना लगाया है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-10 स्थित कोको काउंटी सोसाइटी पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग ने ₹10,500 का जुर्माना लगाया है। यह जुर्माना कूड़े के उचित प्रबंधन में लापरवाही बरतने पर लगाया गया। प्राधिकरण ने जुर्माने की रकम तीन कार्यदिवस के भीतर जमा कराने का आदेश दिया है।


यह कार्रवाई ग्रेटर नोएडा वेस्ट प्रभारी अधिकारी गुंजा सिंह के निर्देश पर की गई। उनके नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और देखा कि सोसाइटी में कूड़ा डस्टबिन के बजाय खुले में फेंका जा रहा था। इसी के चलते जुर्माना लगाया गया।


लोगों को जागरूक भी कर रहा स्वास्थ्य विभाग


स्वास्थ्य विभाग केवल जुर्माना ही नहीं कर रहा, बल्कि लोगों को जागरूक भी कर रहा है। टीम ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट के अन्य हिस्सों में जाकर लोगों से कहा कि वे कूड़ा केवल डस्टबिन में ही डालें। इसके साथ ही ईकोटेक-3 क्षेत्र में साफ-सफाई का विशेष निरीक्षण भी किया गया, जहां स्वीपरों की उपस्थिति, डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन सिस्टम और कंपनियों के गेट के पास डस्टबिन की उपलब्धता की जांच की गई।


खुले में कचरा फेंकनें वाली कंपनियों को कड़ी चेतावनी


टीम ने कंपनियों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने संस्थान के बाहर नीले और हरे रंग के डस्टबिन अनिवार्य रूप से रखें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी कर्मचारी या आगंतुक कचरा इधर-उधर न फेंके। इसके अलावा, जिन कंपनियों द्वारा निर्माण कार्यों से संबंधित सी एंड डी वेस्ट (निर्माण व ध्वस्तीकरण से जुड़ा कचरा) खुले में फेंका जा रहा है, उन्हें चेतावनी दी गई है कि भविष्य में यदि ऐसा पाया गया तो उन पर भी जुर्माना लगाया जाएगा।


गांवों में रोस्टर वाइज सफाई अभियान चलाएं- ओएसडी


ओएसडी गुंजा सिंह ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को निर्देश दिए हैं कि वे ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गांवों में रोस्टर वाइज सफाई अभियान चलाएं। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी नियमित सफाई व्यवस्था को बनाए रखना और वहां के निवासियों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करना है।


प्राधिकरण की यह पहल एक ओर जहां लोगों में जिम्मेदारी का भाव पैदा कर रही है, वहीं दूसरी ओर स्वच्छता को लेकर समाज में चेतना बढ़ाने का काम भी कर रही है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे कचरे के उचित निस्तारण में सहयोग करें और स्वच्छ ग्रेटर नोएडा बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *